
धरमजयगढ़- विपक्ष को सत्ता लोकतंत्र का चौकीदार , प्रहरी और लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ माना जाता है। विपक्ष का मूल दायित्व सत्ता के दुरुपयोग पर अंकुश लगाना, सरकार की नीतियों की समीक्षा करना, उसकी कमियों को उजागर करना और जनता के प्रति शासन की जवाबदेही सुनिश्चित करना है। एक सशक्त विपक्ष न केवल जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाता है, बल्कि सरकार के समक्ष वैकल्पिक नीतियां और बेहतर सुझाव प्रस्तुत कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका केवल सरकार का विरोध करने तक सीमित नहीं होती। विपक्ष को महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय और आम जनता से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से उठाना होता है। साथ ही, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में होने वाली अनियमितताओं और प्रशासनिक खामियों को सामने लाकर जनता की आवाज को शासन तक पहुंचाना भी विपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती रमन सरकार के कार्यकाल के दौरान धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के तत्कालीन विधायक देवजी भाई पटेल ने कई अवसरों पर जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी ही सरकार के समक्ष सवाल उठाए और जनता की समस्याओं को सड़क से लेकर विधानसभा तक प्रमुखता से उठाया। इसी तरह वर्तमान में कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय चंद्राकर भी विधानसभा में विभिन्न मुद्दों पर सरकार से सवाल करते हुए नीतिगत खामियों और जनहित से जुड़े विषयों को सामने रखते रहे हैं।
हालांकि, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में विपक्ष की सक्रियता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि जमीनी स्तर से लेकर विधानसभा तक विपक्ष की भूमिका उतनी प्रभावी दिखाई नहीं दे रही है, जितनी लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपेक्षित है। ऐसे में जनता के बीच यह चर्चा भी तेज हो रही है कि विपक्ष जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी जिम्मेदारी कितनी गंभीरता से निभा रहा है।
धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी विपक्ष का विधायक और विपक्षी दल का संगठन है। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर सत्ता पक्ष के कार्यकर्ताओं और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली अथवा शासन-प्रशासन से संबंधित जनहित के मुद्दों पर विपक्ष की ओर से अपेक्षित मुखरता दिखाई नहीं देने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विभिन्न शासकीय विभागों में कथित अनियमितताओं, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर विपक्ष की सक्रिय भूमिका जनता को नजर नहीं आ रही है।
लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों की अपनी-अपनी जिम्मेदारियां होती हैं। सत्ता पक्ष का दायित्व जहां सुशासन और विकास सुनिश्चित करना है, वहीं विपक्ष का दायित्व सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर प्रभावी निगरानी रखते हुए जनता की आवाज को मजबूती से उठाना है। यदि विपक्ष अपनी भूमिका निभाने में कमजोर पड़ता है, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था में आवश्यक संतुलन प्रभावित हो सकता है।
विधानसभा के कार्यकाल का लगभग आधा समय बीत चुका है। ऐसे में अब देखना होगा कि आने वाले समय में धरमजयगढ़ सहित पूरे छत्तीसगढ़ में विपक्षी दल और उनके जनप्रतिनिधि जनता के मुद्दों को कितनी गंभीरता से उठाते हैं और जनहित से जुड़े विषयों को लेकर अपनी भूमिका को किस प्रकार प्रभावी बनाते हैं। जनता की अपेक्षा है कि विपक्ष केवल राजनीतिक विरोध तक सीमित न रहकर जनता के अधिकारों, समस्याओं और हितों के लिए विपक्ष दल के लोगो द्वारा जनता के हित के लिए क्या योजना को मुर्तरूप देता है ।
Leave Your Comment