
धरमजयगढ़। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्ति करते हुए धरमजयगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष महेश भाई चैनानी को भाजपा निकाय प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह और खुशी का माहौल है।
महेश भाई चैनानी लंबे समय से पार्टी संगठन के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहे हैं। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक एवं नगरीय विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व विधायक के चुनाव से लेकर वर्तमान रायगढ़ लोकसभा चुनाव तक पार्टी के लिए तन, मन और धन से सक्रिय सहयोग प्रदान किया है।
भाजपा संगठन ने उनके अनुभव, संगठन क्षमता और जनसंपर्क कौशल को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। प्रशासनिक कार्यों का व्यापक अनुभव रखने वाले चैनानी राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय रहे हैं। नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को विजय दिलाने में उनकी भूमिका को पार्टी संगठन ने हमेशा सराहा है।
धरमजयगढ़ नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में युवाओं, सामाजिक संगठनों और विशेष रूप से बंगाली समाज के कार्यकर्ताओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। विभिन्न वार्डों के युवा कार्यकर्ता भी उनके नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता से प्रभावित हैं।
जिला संगठन के प्रमुख नेताओं द्वारा उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया तथा उन्हें शुभकामनाएं और बधाइयां दीं। कार्यकर्ताओं का मानना है कि महेश भाई चैनानी के नेतृत्व में भाजपा निकाय प्रकोष्ठ जिले में और अधिक सक्रिय, मजबूत एवं प्रभावशाली भूमिका निभाएगा तथा आगामी चुनावों में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
Leave Your Comment