Menu
Search

धरमजयगढ़ में भ्रष्टाचार पर निर्णायक प्रहार, एसडीएम कार्यालय का बाबू ₹1 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार

धरमजयगढ़ | रायगढ़

नए वर्ष 2026 के प्रारंभ में ही छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त और स्पष्ट संदेश दे दिया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल कुमार चेलक को ₹1 लाख की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह वर्ष की पहली ट्रैप कार्रवाई है, जिसे शासन-प्रशासन में व्याप्त भ्रष्ट आचरण पर गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूमि क्रय-विक्रय से जुड़े एक पूर्णतः वैध प्रकरण को आरोपी द्वारा जानबूझकर विवादग्रस्त बताकर लंबित रखा गया था। प्रकरण को नस्तीबद्ध करने के नाम पर शिकायतकर्ता से ₹2 लाख की अवैध मांग की गई। शिकायत की गोपनीय जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर एसीबी ने विधिवत योजना बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

2 जनवरी को आरोपी द्वारा रिश्वत की पहली किश्त स्वीकारते ही एसीबी टीम ने तत्काल दबिश दी। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने घबराहट में रकम छिपाने का प्रयास किया, किंतु सतर्क टीम ने संपूर्ण रिश्वत राशि जब्त कर ली।

एसीबी ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विस्तृत जांच प्रारंभ कर दी है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की भी गहन पड़ताल की जा रही है। एसीबी अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

संपादक : दीपक कुमार हलदार
मेरा नाम दीपक कुमार हलदार है, और मैं Hamar Goth News 24 का संस्थापक एवं संपादक हूँ।

मैंने इस पोर्टल की स्थापना इस उद्देश्य से की है कि हमारे जैसे छोटे शहरों, गांवों और आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ भी मीडिया के मुख्यधारा में शामिल हो सके। Hamar Goth News 24 सिर्फ एक न्यूज़ वेबसाइट नहीं है, यह एक जनमंच है, जहाँ आम लोगों की बातें, समस्याएं, उपलब्धियां और उम्मीदें सुनी और साझा की जाती हैं।

Leave Your Comment
Recent Added News